NGV PRAKASH NEWS

जौनपुर में बड़े वाहनों की दिन में नो एंट्री, सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंध; एसपी ने जारी किया आदेश
जौनपुर 11 नवंबर 2026.
शहर में लगातार लगने वाले जाम और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, जाम मुक्त और दुर्घटना रहित बनाने के उद्देश्य से भारी वाहनों के आवागमन पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है।
एसपी के निर्देश के अनुसार शहर में बाजार, विद्यालय, अस्पताल, कचहरी सहित विभिन्न संस्थानों के खुलने के दौरान आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, स्कूल वाहनों और एंबुलेंस का आवागमन बढ़ जाता है। ऐसे में भारी वाहनों के शहर के अंदर से गुजरने के कारण प्रतिदिन यातायात बाधित होता है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और शहर के साथ आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
इन्हीं समस्याओं को देखते हुए शहर में निर्धारित स्थानों से भारी वाहनों का प्रवेश सुबह से रात 10 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
इन सात स्थानों पर लागू रहेगा प्रतिबंध
पुलिस प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार निम्नलिखित स्थानों से शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा—
- पचहटिया तिराहा: सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- प्रसाद तिराहा: सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेगा।
- पकड़ी हाईवे अंडरपास: सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- अलीगंज हाईवे तिराहा: सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- हौज खास हाईवे तिराहा: सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेगा।
- चांदपुर हाईवे अंडरपास: सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- कुत्तुपुर तिराहा: सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल
क्या बताते चलें कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य शहर में जाम की समस्या को कम करना, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करना है। निर्धारित समय के बाद ही इन मार्गों से भारी वाहनों को शहर क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति होगी।
इस व्यवस्था के लागू होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने और लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। भारी वाहन चालकों से निर्धारित समय और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
NGV PRAKASH NEWS