Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

रात्रि गश्त की हकीकत परखने आधी रात को थाने पहुंचे एसपी, सिढ़पुरा थाने का किया औचक निरीक्षण
कासगंज 12 नवंबर 2026
जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा चोरी, लूट, डकैती और नकबजनी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने रात्रिकालीन पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अचानक थाना सिढ़पुरा पहुंच गए और थाने का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि पुलिसकर्मी रात के समय लगातार भ्रमणशील रहें तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करें। उन्होंने बैंक, एटीएम, सर्राफा बाजार, मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि आपराधिक घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।
एसपी ने सक्रिय अपराधियों का डोजियर तैयार कर उनकी गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा चोरी और नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए रात्रिकालीन गश्त को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता का जायजा लिया। इसके साथ ही अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं और शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करते हुए कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार, थाना प्रभारी सिढ़पुरा प्रदीप मलिक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS