Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

रोटावेटर की चपेट में आने से 10 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
दतुआखोर गांव में हादसे के बाद मची चीख-पुकार, घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़, बदहवास परिजनों को समझाने में जुटी पुलिस
बस्ती 12 नवंबर 2026.
मुंडेरवा थाना क्षेत्र के दतुआखोर गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में रोटावेटर की चपेट में आने से 10 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर के चिराग की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान दतुआखोर गांव निवासी धर्मेंद्र के करीब 10 वर्षीय पुत्र अंश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बालक रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
इधर, बेटे की मौत की खबर सुनकर परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। मासूम का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष मुंडेरवा विश्व मोहन राय और पुलिस मौके पर पहुंची और शोकाकुल परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान बदहवास परिजन हादसे को लेकर कई गंभीर आरोप भी लगा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
महज 10 वर्ष की उम्र में मासूम अंश की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
NGV PRAKASH NEWS