Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

दिवंगत साहित्यकार धीरेंद्र वर्मा को समर्पित हुआ 174वां सृजन सम्मान, सम्मान का नाम बदलकर किया गया ‘धीरेंद्र वर्मा स्मृति सृजन सम्मान’
लखनऊ 12 नवंबर 2026.
साहित्य जगत के लिए भावुक कर देने वाला क्षण उस समय सामने आया, जब उत्तर प्रदेश प्रेस क्लब एवं उत्तर प्रदेश साहित्यसभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 174वें सृजन सम्मान समारोह को उसी दिन दिवंगत हुए वरिष्ठ साहित्यकार धीरेंद्र वर्मा की स्मृति को समर्पित कर दिया गया। उनके साहित्यिक योगदान और स्मृतियों को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजकों ने सृजन सम्मान का नाम बदलकर ‘धीरेंद्र वर्मा स्मृति सृजन सम्मान’ कर दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ शायरा भावना श्रीवास्तव को 174वें धीरेंद्र वर्मा स्मृति सृजन सम्मान से सम्मानित किया गया, जबकि सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले ‘दिहाड़ी किचन’ के संस्थापक सोमनाथ कश्यप को धीरेंद्र वर्मा प्रेरणा सम्मान प्रदान किया गया। दोनों सम्मान हसीब सिद्दीकी, सर्वेश अस्थाना, महेंद्र भीष्म एवं शिव शरण सिंह ने प्रदान किए।
मधु पाठक मांझी के संयोजन तथा भ्रमर बैसवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य और समाजसेवा से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में योगी योगेश शुक्ल, महेश चंद्र महेश, प्रमोद श्रीवास्तव, प्रतिभा श्रीवास्तव, सच्चिदानंद शलभ, राम दीक्षित, पंकज दिनकर, कौसर रिजवी, डॉ. सुभाष चंद्र गुरुदेव, महेश अस्थाना मधुर, संजय शर्मा रुद्र, विभा त्रिपाठी, नीलम दीक्षित, अरुणिमा जोशी, विमला त्रिवेदी, पं. बेअदब लखनवी, अच्युतानंद जायसवाल, हैदर जाफरी, अजय तोमर, खालिद लखनवी और रूबी राज सिन्हा सहित अनेक साहित्यकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वरिष्ठ साहित्यकार धीरेंद्र वर्मा के निधन की सूचना से कार्यक्रम का माहौल शोकाकुल हो गया। उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शोकसभा आयोजित की गई और इसके बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। इस प्रकार 174वां सृजन सम्मान समारोह एक साहित्यकार की स्मृतियों को समर्पित भावपूर्ण आयोजन के रूप में यादगार बन गया।
NGV PRAKASH NEWS