NGV PRAKASH NEWS

जौनपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी के मोबाइल खरीदकर दिल्ली में बेचने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार, 939 मोबाइल बरामद

जौनपुर। 14 नवंबर 2026.
अपराधियों और साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बक्शा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन खरीदकर दिल्ली में बेचने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 939 मोबाइल फोन, 272 सिम कार्ड, 40 बोरी मोबाइल स्क्रैप पार्ट्स और 24 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त चोरी एवं पुराने मोबाइल फोन कम कीमत पर खरीदकर एक स्थान पर एकत्र करते थे। इसके बाद मोबाइल फोन के उपयोगी पार्ट्स जैसे मदरबोर्ड, डिस्प्ले, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अलग कर उनकी मदद से मोबाइल असेंबल किए जाते थे। तैयार मोबाइल फोन को हसीम खान उर्फ वसीम के माध्यम से दिल्ली में अलग-अलग पार्टियों को बेचा जाता था।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में 14 नवंबर को तड़के करीब तीन बजे थाना बक्शा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 805 की-पैड मोबाइल और 134 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रेडमी, आईफोन, रियलमी, नोकिया, जियो, लावा सहित कई कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।
इसके अलावा 40 बोरों में मोबाइल के मदरबोर्ड, आईसी, स्क्रीन, चेसिस समेत अन्य स्क्रैप पार्ट्स, विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के 272 सिम कार्ड, 24 हजार रुपये नकद, एक टाटा टियागो कार और बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ गुप्ता और कामेश गुप्ता निवासी उमरपुर शिवगुलामगंज, बक्शा, जौनपुर, संजय सिंह निवासी गोधेपुर, गजनेर, कानपुर देहात, अजय नायक निवासी परतापुर, दिवियापुर, औरैया, अखिलेश नायक निवासी रामनगर, ठठिया, कन्नौज, संजय सिंह निवासी आरामऊ, रूरा, कानपुर देहात तथा हसीम खान उर्फ वसीम निवासी आशियाना कॉलोनी, लोहियानगर, मेरठ शामिल हैं।
साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क की भी जांच
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे संगठित तरीके से चोरी एवं पुराने मोबाइल फोन खरीदते थे। इन मोबाइलों के उपयोगी पार्ट्स निकालकर नए मोबाइल तैयार किए जाते थे और फिर उन्हें दूसरे स्थानों पर बेच दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास मोबाइल फोन की खरीद से संबंधित कोई वैध रसीद अथवा दस्तावेज नहीं मिले हैं।
बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और स्क्रैप पार्ट्स का साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस तकनीकी जांच करा रही है। मोबाइल के आईएमईआई नंबर, सिम कार्ड और डिजिटल डेटा की जांच के जरिए फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों से जुड़ी संभावित कड़ियों का पता लगाया जा रहा है।
इस मामले में थाना बक्शा पर मु0अ0सं0 571/2026 के तहत बीएनएस की धारा 3(5), 61(2), 317(2) एवं 317(5) में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रशान्त कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना बक्शा पुलिस की टीम शामिल रही।
NGV PRAKASH NEWS