ट्रैक्टर बाइक की टक्कर में पत्रकार की हुई मृत्यु…….

NGV PRAKASH NEWS

ट्रैक्टर-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में पत्रकार अरविंद की दर्दनाक मौत, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

बस्ती 14 नवंबर 2026.

कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पत्रकार अरविंद की मौत हो गई। भावनापुर स्थित एसडीजी इंटर कॉलेज के पास ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही पत्रकारिता जगत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

घर से कप्तानगंज जाते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज ब्लॉक के पगार गांव निवासी पत्रकार अरविंद शनिवार सुबह करीब नौ बजे अपने घर से बाइक द्वारा कप्तानगंज के लिए निकले थे। अभी वह भावनापुर स्थित एसडीजी इंटर कॉलेज के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अरविंद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। सूचना पर थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।

थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पत्रकारिता जगत में शोक, साथी पत्रकारों ने जताया दुख

पत्रकार अरविंद की असमय मौत से जिले के पत्रकारों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है। साथी पत्रकारों ने इस घटना को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। क्षेत्र में हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *