NGV PRAKASH NEWS

छठ पूजा के प्रसाद को खाने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीटा, इलाज के दौरान बच्ची की मौत; आरोपी मां गिरफ्तार
प्रसाद बनाने के दौरान बच्ची ने खा ली थी खाने की एक चीज, नाराज होकर मां ने की पिटाई; घटना से परिवार में पसरा मातम
समस्तीपुर, 16 नवंबर 2026.
दिल को झकझोर देने वाली एक घटना बिहार के समस्तीपुर से सामने आई है, जहां छठ पूजा के लिए तैयार किए जा रहे प्रसाद में रखी खाने की एक चीज को खाने पर मां ने कथित तौर पर अपनी चार वर्षीय बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।
घर के सदस्य घाट पर गए थे, मां बना रही थी प्रसाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत बच्ची की पहचान सुहानी के रूप में हुई है। उसके पिता राजू पासवान के अनुसार, परिवार छठ पूजा की तैयारियों में जुटा था। घर के अन्य सदस्य पूजा की व्यवस्था के लिए पास के घाट पर गए हुए थे। इस दौरान सुहानी की मां रीना कुमारी घर में पूजा के लिए प्रसाद तैयार कर रही थी।
इसी बीच सुहानी ने कथित तौर पर वहां पूजा के लिए रखी खाने की एक चीज को छू दिया एवं खा लिया। इस बात से नाराज होकर मां ने बच्ची की जमकर पिटाई कर दिया ।
इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। मां उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटी की मौत से टूट गया परिवार
बेटी की मौत के बाद पिता राजू पासवान का परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में पत्नी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। राजू ने कहा कि बेटी की मौत के बाद अब उनके लिए त्योहार का कोई मतलब नहीं रह गया है। उन्होंने अपने बच्चों की परवरिश खुद करने की बात भी कही है।
राजू पासवान और रीना कुमारी के तीन बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय शिवानी, चार वर्षीय सुहानी और डेढ़ वर्षीय राजा कुमार शामिल हैं। सुहानी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी के अनुसार, चार वर्षीय बच्ची की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्ची की मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
NGV PRAKASH NEWS