आगामी चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने किया औचक निरीक्षण…….

NGV PRAKASH NEWS

आगामी चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने पटियाली थाने का किया औचक निरीक्षण

कासगंज, 16 नवंबर 2026.

आगामी चुनाव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने सोमवार को थाना पटियाली का औचक निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय के अभिलेखों, अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र का जायजा लिया। इसके साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

एसपी ने थाना क्षेत्र में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए टॉप-10 अपराधियों, सक्रिय अपराधियों एवं हिस्ट्रीशीटरों का भौतिक सत्यापन कराने पर विशेष जोर दिया। वांछित, वारंटी एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा ऑपरेशन क्लीन और ऑपरेशन त्रिनेत्र जैसे अभियानों की प्रगति की भी समीक्षा की।

उन्होंने रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी, पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन पर विशेष जोर

आगामी चुनाव को देखते हुए एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों का विशेष सत्यापन कराने के निर्देश दिए। मृत हो चुके हिस्ट्रीशीटरों के अभिलेख नियमानुसार नष्ट कराने, सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा दूसरे थाना क्षेत्रों या जनपदों में रहने वाले हिस्ट्रीशीटरों के संबंध में संबंधित थानों को आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजने को कहा।

लापता हिस्ट्रीशीटरों का पता लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा क्षेत्र के विवादों एवं पुरानी रंजिश से जुड़े मामलों को चिह्नित कर संबंधित पक्षों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने और वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।

एसपी ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य करे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *