पत्रकारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 115 पत्रकारों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में पत्रकारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 115 पत्रकारों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

बस्ती, 16 नवम्बर 2026.

पत्रकारों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नेशनल प्रेस क्लब एवं इंडियन रेडक्रास सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आवास विकास कॉलोनी स्थित डॉन वास्को स्कूल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 115 पत्रकारों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। चिकित्सकों के परामर्श पर जरूरतमंद पत्रकारों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सियाराम यादव, डॉ. बीके शुक्ला तथा पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। इस दौरान चिकित्सकों ने पत्रकारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और तत्काल उपलब्ध जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां दीं।

उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सियाराम यादव एवं डॉ. बीके शुक्ला ने कहा कि शिविर में तत्काल मिलने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को परामर्श दिया जा रहा है और आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने पत्रकारों को सलाह दी कि जिन लोगों को गंभीर परेशानी है अथवा किसी बीमारी की आशंका है, वे समय रहते जिला अस्पताल पहुंचकर अपनी जांच कराएं। सरकार की ओर से जिला अस्पताल में विभिन्न प्रकार की जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

नेशनल प्रेस क्लब के संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि पत्रकार समय और परिस्थितियों की परवाह किए बिना अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। खबरों के संकलन और जनहित के मुद्दों को उठाने में वे अक्सर अपने परिवार और स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं, जिसके कारण कई बार गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य पत्रकारों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है।

इंडियन रेडक्रास सोसायटी के सचिव रंजीत श्रीवास्तव ने कहा कि पत्रकारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक तीन माह पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पत्रकार नियमित रूप से अपना स्वास्थ्य परीक्षण करा सकें।

शिविर का लाभ उठाने वाले पत्रकारों में राज श्रीवास्तव, वसीम अकरम, विजय मिश्रा, रियाज अहमद, अवधेश सोनकर, ज्ञानप्रकाश दूबे, रत्नेश श्रीवास्तव, रितिक कुमार, जावेद अहमद, रत्नेन्द्र पाण्डेय, मो. आलम, सचिन कसौधन, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, दीपक सोनी, डॉ. सत्यराम, डॉ. नवीन सिंह, अब्दुल कलाम, रविन्द्र पाल, अजय श्रीवास्तव, अजीत श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, जयप्रकाश पाण्डेय, विवेक श्रीवास्तव सहित तमाम पत्रकार शामिल रहे।

इस अवसर पर डॉ. हिमांशु चौधरी, अमित मणि पाण्डेय, रत्नेशमणि त्रिपाठी, शिवकुमार एवं मायाराम सहित अन्य लोगों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *