NGV PRAKASH NEWS

विवादित जमीन पर कब्जा करने पहुंची हथियारबंद युवकों की फौज, हिस्ट्रीशीटर समेत 20 गिरफ्तार; 17 छात्र भी शामिल
मुजफ्फरनगर, 17 नवंबर 2026.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में विवादित जमीन पर अवैध कब्जा करने की कथित तैयारी कर रहे हथियारबंद लोगों के एक समूह पर भोपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑपरेशन कवच के तहत हिस्ट्रीशीटर समेत 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में 17 छात्र भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो बीए, बीटेक और अन्य पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और तीन लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को भोपा थाना क्षेत्र की शुक्रताल पुलिस चौकी के अंतर्गत पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गंगा घाट के पार से तीन गाड़ियों में सवार होकर कुछ लोग खादर क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। इनके पास हथियार होने और विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश किए जाने की आशंका जताई गई थी।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर काले रंग की स्कॉर्पियो-एन, स्कॉर्पियो क्लासिक और महिंद्रा थार को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहनों में सवार 20 युवक पकड़े गए। पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस बरामद करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया।
हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज हैं 11 मुकदमे
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह शामिल है। पुलिस के मुताबिक वह हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मुजफ्फरनगर के भोकरहेड़ी निवासी गौरव के खिलाफ भी दो आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
छह तमंचे, पिस्टल, राइफल और तलवार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के छह तमंचे, .32 बोर की एक पिस्टल, एक .22 बोर की पोनिया राइफल, 12 बोर की एक दोनाली बंदूक और 315 बोर की एक राइफल बरामद की है। इसके अलावा पांच पिस्टल कारतूस, पांच .22 बोर कारतूस, 20 कारतूस 12 बोर, 18 कारतूस 315 बोर, एक तलवार और नौ लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए हैं।
कई राज्यों से जुड़े हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली के निवासी भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इनमें बड़ी संख्या में छात्र हैं। इतनी बड़ी संख्या में युवकों के हथियारों के साथ एकजुट होकर पहुंचने के मामले ने पुलिस को भी गंभीर जांच के लिए प्रेरित किया है।
बिजनौर की जमीन पर कब्जा कराने जा रहे थे आरोपी
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बिजनौर जनपद के मंडावर क्षेत्र में स्थित विवादित जमीन पर कब्जा दिलाने के उद्देश्य से जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह समूह विवादित और कीमती जमीनों पर कब्जा करने तथा अपने पक्ष का कब्जा बनाए रखने के लिए हथियारों के दम पर दबाव बनाने का काम करता था।
इस मामले में भोपा थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 290/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले के अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक, क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह और थाना प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में की गई।
NGV PRAKASH NEWS