मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज होंगे दावे और आपत्तियां…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज होंगे दावे और आपत्तियां

बस्ती, 17 नवंबर 2026

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर उसकी प्रतियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने तथा आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा।

उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन, त्रुटि सुधार, फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन तथा दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन के लिए फार्म-8 और नाम अपमार्जन के लिए फार्म-7 भरकर जमा किया जा सकता है।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान

जिलाधिकारी ने बताया कि 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन तिथियों में बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। वहां मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन के लिए फार्म-6, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। आवेदन करने वाले पात्र नागरिकों को नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने अथवा किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप तथा आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फार्म-6, 7 एवं 8 ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं।

पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए जनपद स्तर पर स्थापित डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर (डीसीसी) के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाएं और सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनंदू सुधाकरन, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने जिला निर्वाचन कार्यालय तथा सदर तहसील स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण भी किया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *