बहुत चर्चित जमोहरा हत्याकांड का एक और आरोपी हुआ गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

संतकबीरनगर दोहरे हत्याकांड में एक और आरोपी निखिल यादव गिरफ्तार, अब तक पांच वांछित अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में

जमोहरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई थी दो लोगों की हत्या, एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में हुआ था घायल, शेष आरोपियों की तलाश जारी

संतकबीरनगर, 18 नवंबर 2026.

मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में संतकबीरनगर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित अभियुक्त निखिल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल पांच वांछित अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद पकड़ा गया था।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल रामाज्ञा सिंह और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बुधवार, 18 नवंबर को निखिल यादव पुत्र वीरेन्द्र यादव निवासी ग्राम जमोहरा टोला महुअवा को सोनवरषा रोड पर मेंहदावल ब्लॉक के पास से गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपी समेत चार पहले हो चुके हैं गिरफ्तार

यहां बताते चलें कि इससे पहले इस दोहरे हत्याकांड में आकाश यादव, सुग्रीव यादव और सुनील यादव को थाना धनघटा परिसर से गिरफ्तार किया गया था। उनकी निशानदेही पर .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक लाठी बरामद की गई थी।

वहीं, एक अन्य आरोपी राकेश यादव को 17 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे बौधरा ताल के पास पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से .12 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था।

पुरानी रंजिश में खेत की जुताई कर रहे चार लोगों पर हुआ था हमला

यहां बताते चलें कि घटित घटना के अनुसार 15 नवंबर 2026 को मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने एकराय होकर पूर्व नियोजित तरीके से गांव के बाहर सीवान में खेत की जुताई कर रहे प्रहलाद यादव, रामकेश यादव, सहसराम यादव और घनश्याम यादव पर लाठी-डंडे, बल्लम, फरसा और अवैध असलहों से जानलेवा हमला किया था। इस हमले में प्रहलाद यादव और रामकेश यादव की मौत हो गई थी, जबकि सहसराम यादव और घनश्याम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घटना के संबंध में थाना मेंहदावल में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।

गिरफ्तारी अभियान में पुलिस और सर्विलांस टीम शामिल

निखिल यादव की गिरफ्तारी में थाना मेंहदावल पुलिस टीम के प्रभारी निरीक्षक रामाज्ञा सिंह, कांस्टेबल अनुराग कुमार सिंह, उदय प्रताप सिंह और विशाल निषाद के साथ सर्विलांस टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक हरेन्द्र चौहान, हेड कांस्टेबल विनोद सिंह तथा कांस्टेबल अमरजीत मौर्य, पीयूष गुप्ता और नितीश कुमार शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि मामले में शेष वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *