सामूहिक विवाह के दौरान पुलिस की मौजूदगी में जेब कतरो का तांडव…….

NGV PRAKASH NEWS

रामरेखा मंदिर में सामूहिक विवाह समारोह के दौरान जेबकतरों का तांडव, महिला के कान से सोने का आभूषण गायब, अधिकारी भी बने निशाना

बस्ती 21 नवंबर 2026.

रामरेखा मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित भव्य समारोह के दौरान जेबकतरों ने भीड़ का फायदा उठाकर जमकर हाथ साफ किया। समारोह में मौजूद कई लोगों की जेब से कीमती सामान गायब होने की खबर सामने आई है। यहां तक कि एक महिला के कान से सोने का आभूषण भी गायब होने की बात कही जा रही है। चर्चा है कि जेबकतरों ने जिले के एक बड़े अधिकारी को भी निशाना बनाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर शातिर जेबकतरे वारदातों को अंजाम देते रहे। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर छावनी थाना पुलिस और जिम्मेदार अधिकारी मौजूद होने के बावजूद जेबकतरों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग सका।

हालत यह हो गयी कि समारोह के दौरान मंच से लगातार माइक के जरिए लोगों को जेबकतरों से सावधान रहने की अपील की जाती रही। लोगों को अपने सामान और जेबों की सुरक्षा करने के लिए सतर्क किया गया, लेकिन तब तक कई लोग कथित तौर पर अपनी कीमती वस्तुएं गंवा चुके थे। जब पीड़ितों ने अपनी जेबों और सामान की जांच की तो चोरी का पता चलने पर उनके होश उड़ गए।

घटना ने समारोह में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब पुलिस की मौजूदगी में भी जेबकतरे भीड़ के बीच बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देने में सफल रहे, तो आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद जेबकतरों के हौसले इतने बुलंद कैसे रहे और भीड़भाड़ वाले आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत क्यों नहीं किया गया?

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *