सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पत्रकार अरविन्द पाण्डेय के परिजनों को नेशनल प्रेस क्लब ने दी आर्थिक सहायता…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पत्रकार अरविन्द पाण्डेय के परिजनों को नेशनल प्रेस क्लब ने दी आर्थिक सहायता

बस्ती, 21 नवंबर 2026.

मार्ग दुर्घटना में जान गंवाने वाले कप्तानगंज क्षेत्र के पगार गांव निवासी पत्रकार अरविन्द पाण्डेय के परिजनों को नेशनल प्रेस क्लब (एनपीसी) की टीम ने आर्थिक सहायता प्रदान की। क्लब की टीम ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को सहायता राशि का चेक सौंपा और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

नेशनल प्रेस क्लब के संरक्षक अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पत्रकार राजकुमार पाण्डेय, रत्नेन्द्र पाण्डेय, लवकुश पाण्डेय एवं विजय मिश्रा अरविन्द पाण्डेय के गांव पहुंचे। इस दौरान टीम ने परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

चेक सौंपने के बाद राजकुमार पाण्डेय ने परिजनों को आश्वस्त किया कि नेशनल प्रेस क्लब की पूरी टीम उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यदि परिवार किसी विषम परिस्थिति में क्लब को याद करेगा तो टीम हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहेगी।

इससे पहले संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने दुर्घटना और परिवार की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अरविन्द पाण्डेय भले ही नेशनल प्रेस क्लब के सदस्य नहीं थे, लेकिन पत्रकारिता से जुड़े होने के नाते उनके परिवार के प्रति क्लब की पूरी आत्मीयता और संवेदनशीलता है।

सहायता राशि का चेक सौंपे जाने के दौरान अरविन्द पाण्डेय के बड़े भाई और उनके बेटे भावुक हो गए। इस पहल के माध्यम से नेशनल प्रेस क्लब ने पत्रकारिता जगत से जुड़े परिवार के प्रति सहयोग, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *