NGV PRAKASH NEWS

मुंडघाट पुल पर नदी में छलांग लगाने की सूचना से हड़कंप, युवक-युवती की तलाश में जुटी एनडीआरएफ टीम
बस्ती 21 नवंबर 2026.
जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडघाट पुल पर शनिवार शाम एक युवक और युवती द्वारा नदी में छलांग लगाने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में दोनों की तलाश शुरू कर दी। फिलहाल नदी में छलांग लगाने वाले युवक और युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंडघाट पुल से युवक और युवती के नदी में छलांग लगाने की जानकारी सामने आने के बाद मौके पर खोजबीन शुरू कराई गई। एनडीआरएफ की टीम नाव के माध्यम से नदी में तलाश अभियान चला रही है। घटना को लेकर आसपास के लोगों में भी चिंता और कौतूहल बना हुआ है
यहां बताते चलें कि शुक्रवार दोपहर जनपद के सबसरेरिया इंटर कॉलेज में अध्ययनरत एक छात्र द्वारा भी नदी में छलांग लगाने की घटना सामने आई थी। वहीं, करीब एक माह पूर्व मुंडेरवा थाना क्षेत्र की निवासी एवं महिला महाविद्यालय की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा ने भी मुंडघाट पुल से छलांग लगा दी थी। उसका शव दो दिन बाद पुलिस ने बरामद किया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद मुंडघाट पुल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए, जिससे इस तरह की घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके।
NGV PRAKASH NEWS