Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में गूंजा संविधान का संदेश, 12,819 छात्र-छात्राओं ने किया प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों का सस्वर वाचन
बस्ती, 26 नवंबर 2026.
संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद बस्ती में संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज, बस्ती में आयोजित हुआ, जहां हजारों छात्र-छात्राओं ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों का सस्वर वाचन कर संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश शमसुल हक ने भारतीय संविधान को सभी कानूनों का मूल स्रोत बताते हुए कहा कि देश की भावी पीढ़ी को संविधान में निहित मूल कर्तव्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझकर देश की एकता, अखंडता और मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे हजारों छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक सस्वर वाचन कराया।
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम एवं नोडल अधिकारी अनिल कुमार ने संविधान के मूल कर्तव्यों का सस्वर वाचन कराया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा प्रत्येक नागरिक को अपने संवैधानिक दायित्वों के प्रति जागरूक रहने पर बल दिया।
दस विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
जिला विद्यालय निरीक्षक बस्ती के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती, जेआरएस इंटर कॉलेज, शिव हर्ष किसान इंटर कॉलेज, बेगम खैर इंटर कॉलेज, खैर इंडस्ट्रियल कॉलेज, श्री कृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज, श्रीमती कृष्ण कुमार पांडेय गर्ल्स इंटर कॉलेज, उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी, श्याम बहादुर आर्य कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज और राजकीय कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा एसीसी और राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े स्वयंसेवकों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विद्यालयों में नियुक्त किए गए नोडल शिक्षक
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेन्द्र कुमार ने संविधान संवाद अभियान के उद्देश्य और उसकी कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जूनियर एवं माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक विद्यालय में नोडल शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। अभियान के तहत सभी विद्यालयों में सुबह 9 बजे विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों का सामूहिक सस्वर वाचन कराया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान में शामिल विद्यालयों में संविधान से संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें कक्षा 9-10 और कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए गए। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने प्राधिकरण की ओर से समाज के गरीब और कमजोर वर्गों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सलाह एवं पैरवी की सुविधाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ न्यायिक अधिकारियों तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिले में 12,819 लोगों ने किया प्रतिभाग
संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत जनपद में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम स्थल राजकीय इंटर कॉलेज, बस्ती में कुल 2,500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि अन्य कार्यक्रम स्थलों पर 10,319 प्रतिभागियों की सहभागिता रही। इस प्रकार पूरे जनपद में कुल 12,819 लोगों ने संविधान संवाद अभियान में प्रतिभाग कर संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
दीवानी न्यायालय परिसर में दिलाई गई संविधान की शपथ
माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अपराह्न 1:30 बजे दीवानी न्यायालय परिसर में भी संविधान दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद न्यायाधीश शमसुल हक ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में न्यायालय कर्मचारी और अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।
संविधान दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनपद में विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता तथा नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
NGV PRAKASH NEWS