मनपसंद शादी न करवाने पर बेटे ने की मां की निर्मम हत्या

Gyan Prakash Dubey

बेटा बना हैवान: मनपसंद लड़की से शादी करवाने से किया इनकार, तो गला घोंटकर मां को उतारा मौत के घाट

नई दिल्ली 7 दिसंबर 24.
ख्याला के रघुवीर नगर इलाके में एक बेटे ने मां की हत्या कर रिश्तों को शर्मसार कर दिया। मां के मनपसंद लड़की से शादी करवाने से इनकार करने पर नाराज बेटे ने गुस्से में आकर अपनी ही मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृत महिला की पहचान सुलोचना (45) के रूप में हुई है। आरोपी बेटे सावन ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर में लूटपाट और हत्या की झूठी कहानी गढ़ी थी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, शुक्रवार रात सावन ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर बताया कि उसकी मां की किसी ने हत्या कर दी है और उनके कान की बालियां भी छीन ली हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सुलोचना को गंभीर हालत में पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को लूटपाट का कोई सबूत नहीं मिला। घर में कीमती सामान सही सलामत थे, जिससे पुलिस को सावन पर शक हुआ। जब पड़ोसियों से पूछताछ की गई तो सावन का आचरण संदिग्ध पाया गया।

पुलिस ने सावन को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पहले तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। सावन ने बताया कि वह काफी समय से एक लड़की से शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी मां इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थीं।

पुलिस जांच में पता चला कि सुलोचना अपने दो अविवाहित बेटों कपिल और सावन के साथ रघुवीर नगर में रहती थीं। कपिल एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के तौर पर काम करता है, जबकि सावन चैंपियन वाहन चलाता है।

हाल ही में कपिल की शादी तय हो गई थी। इस पर सावन ने भी अपनी मां से कहा कि वह अपनी पसंद की लड़की से शादी करना चाहता है। मां ने इस प्रस्ताव को सख्ती से खारिज कर दिया और सावन को डांटते हुए चेतावनी दी कि अगर उसने फिर से इस बारे में बात की, तो वह उसे संपत्ति से बेदखल कर देंगी। इस बात से गुस्से में आकर सावन ने मां की हत्या की साजिश रच दी।

शुक्रवार की रात सावन ने अपनी मां से इस मुद्दे पर फिर बहस की। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में सावन ने अपनी मां का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह खुद को बचाने के लिए लूटपाट की झूठी कहानी गढ़ते हुए पुलिस को सूचना दी।

हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी सावन को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज किया गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *