NGV PRAKASH NEWS

साधु ब्रजेश दास हत्याकांड का खुलासा,रिश्तेदार महिला के नें पति ने भाई के साथ मिलकर की हत्या
हरिद्वार/बागपत, 17 फरवरी 2026.
उत्तराखंड के हरिद्वार से रहस्यमय ढंग से लापता हुए साधु ब्रजेश दास हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
बताते चलें कि करीब 10 दिनों से लापता साधु का शव उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांगनौली गांव के पास कृष्णा नदी से बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि साधु की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उनकी रिश्तेदार महिला शशि के पति संजीव ने अपने छोटे भाई जोगेंद्र के साथ मिलकर की थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति, पत्नी और देवर तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार साधु ब्रजेश दास एक आश्रम से जुड़े प्रचारक थे और 5 फरवरी 2026 से अचानक लापता हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो 10 फरवरी को हरिद्वार के भगवानपुर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी जांच शुरू की, जिसमें साधु की आखिरी लोकेशन उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांगनौली गांव में मिली। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उनकी आखिरी बातचीत गांव की ही एक महिला शशि से हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब पुलिस ने महिला शशि को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ। पूछताछ में सामने आया कि साधु और शशि के बीच अवैध संबंध थे और 5 फरवरी को साधु उससे मिलने उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान शशि का पति संजीव अचानक घर पहुंच गया और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। यह दृश्य देखकर संजीव आपा खो बैठा और उसने कुल्हाड़ी से साधु पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद संजीव ने अपने छोटे भाई जोगेंद्र को बुलाया और दोनों ने मिलकर सबूत मिटाने की साजिश रची। आरोपियों ने साधु के शव को ठिकाने लगाने के लिए रात के अंधेरे में पास की कृष्णा नदी में फेंक दिया, ताकि शव बह जाए और किसी को घटना की जानकारी न हो सके। हालांकि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त तकनीकी जांच और तलाशी अभियान के चलते नदी से साधु का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। इस मामले में मुख्य आरोपी संजीव, उसकी पत्नी शशि और भाई जोगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
