
जी.पी.दुबे
97210 711 75
बड़े भाई से था विवाद, छोटे भाई को चाकू से गोदकर मार डाला
महोबा, 8 दिसंबर 2024:
थाना कोतवाली नगर के पचपहरा गांव में शनिवार की रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब दबंगों ने घर में घुसकर 22 वर्षीय युवक नीलेश यादव की चाकू और लाठी-डंडों से हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता लाल सिंह पीआरडी जवान हैं और जिला मुख्यालय के एक धार्मिक स्थल पर तैनात हैं।
लाल सिंह की शिकायत के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे चार दबंग लाठी, डंडा, चाकू और कुल्हाड़ी लेकर उनके घर में घुस आए। वे उनके बड़े बेटे रूपेश को गालियां देते हुए उसे बाहर बुलाने लगे।
जब लाल सिंह, नीलेश और रूपेश कमरे से बाहर आंगन में आए, तो हमलावरों ने अचानक नीलेश पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने नीलेश को चाकू और कुल्हाड़ी से बुरी तरह घायल कर दिया। उसे बचाने आए पिता लाल सिंह को भी लाठी-डंडों से मारा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावरों ने रूपेश को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।


