रील बनाने के चक्कर में हत्या :ईट से मारकर चाकू से गला रेता, बेटियां छिप कर रही देखती

रील के चक्कर में हत्या: पत्नी को ईंट से पीटा,चाकू से गला रेता, बेटियां कंबल में छुपकर देखती रहीं

मेरठ.
लखवाया गांव (कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र) में मंगलवार सुबह एक हृदय विदारक घटना घटी, जब टैक्सी चालक राजू ने अपनी पत्नी सीमा (30) की हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली वारदात के दौरान सीमा की तीन बेटियां कमरे में मौजूद थीं, जो कंबल में छुपकर यह दर्दनाक दृश्य देख रही थीं। पुलिस के अनुसार, यह हत्या इंस्टाग्राम पर रील बनाने और अनजान नंबर से कॉल आने के कारण हुए झगड़े का परिणाम है।

सीमा के भाई दीपक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए सीमा की मां विमला ने बताया कि उनकी बेटी और राजू की शादी 11 साल पहले हुई थी और दोनों के तीन बेटियां थीं। हाल ही में, राजू और सीमा तीनों बेटियों के साथ उनके घर पर रहने आए थे।

मंगलवार सुबह सीमा के कमरे से बाहर न आने पर विमला ने जाकर देखा तो सीमा का खून से सना शव फोल्डिंग पर पड़ा था, और पास में खून से सना ईंट और चाकू पड़ा था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। विमला ने बताया कि राजू अपनी पत्नी पर बेवजह शक करता था, और अक्सर उसे परेशान करता था।

सीमा सोशल मीडिया पर बहुत एक्टिव थीं, और हत्या से पहले उन्होंने 24 घंटों में 13 रील्स बनाई थीं, जिन्हें इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। इस दौरान कई लोगों ने उन रील्स पर कमेंट किए थे। सीमा की बड़ी बेटी वंशिका ने पुलिस को बताया कि हत्या से पहले उसकी मां के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी, जिसके बाद राजू और सीमा के बीच झगड़ा हुआ था। वंशिका और उसकी दो बहनें कंबल में छुपकर यह सब देख रही थीं।

सीमा को पहले सिर पर ईंट से कई वार किए गए, फिर चाकू से गला रेत दिया गया। इसके बाद, जब उसकी सांसें चल रही थीं, तो राजू ने गला दबाकर उसे मार डाला। चारों ओर खून फैल गया था।

इस बीच, तीन वर्षीय मासूम प्रियांशी को अपनी मां के शव के पास पहुंचते हुए देखा गया, जहां वह स्तनपान करने लगी। प्रियांशी की नानी ने बच्ची को गोद में उठाया और उसे समझाया कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *