
जी.पी. दुबे
97210 71175
गोरखपुर: वैज्ञानिक के इकलौते नाबालिग बेटे ने की मां की हत्या, दो घंटे की पूछताछ में कबूला जुर्म

गोरखपुर 11 दिसंबर 24.
पिपराइच थाना क्षेत्र की सुशांत सिटी कॉलोनी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर में सहायक वैज्ञानिक राममिलन की पत्नी आरती वर्मा की हत्या के आरोप में उनका इकलौता नाबालिग बेटा गिरफ्तार हुआ है। पहले बेटे ने पुलिस और पिता को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन दो घंटे की पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
घटना 3 दिसंबर की सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। वैज्ञानिक राममिलन उस समय चेन्नई में कार्यरत थे। उन्होंने कई बार पत्नी को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। 7 दिसंबर को उन्होंने अपनी साली ज्ञांती देवी को घर भेजा, लेकिन दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। अगले दिन राममिलन खुद चेन्नई से घर पहुंचे, जहां उन्हें पत्नी का शव फर्श पर पड़ा मिला।
बेटा पास के शिव मंदिर के पास एक बेंच पर बैठा मिला। उसने पहले पिता और पुलिस को बताया कि उसकी मां सीढ़ियों से गिर गई थीं, जिससे उनकी मौत हो गई। डर के मारे उसने घर का ताला बाहर से बंद कर दिया और चार दिन तक यहां-वहां भटकता रहा।
एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जहां शव मिला था, वहां खून के दो अलग-अलग धब्बे थे, जिससे पता चला कि शव को एक जगह से दूसरी जगह खींचा गया था। घर की सीसीटीवी जांच में कोई बाहरी व्यक्ति अंदर आता-जाता नहीं दिखा, जिससे शक और गहरा हो गया।
पुलिस ने नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर उससे सख्ती से पूछताछ की। आखिरकार उसने स्वीकार किया कि 3 दिसंबर की सुबह स्कूल जाने को लेकर उसकी मां से कहासुनी हो गई थी। जब उसने स्कूल जाने से मना किया, तो मां ने गुस्से में उस पर पैसे फेंक दिए। इसी बात पर तैश में आकर उसने मां को धक्का दे दिया, जिससे उनका सिर चहारदीवारी से टकरा गया।
मां दोबारा उठने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन फिर गिर पड़ीं और उनकी जान चली गई। घटना के बाद बेटा घबरा गया और घर का ताला बाहर से बंद कर भाग निकला।
राममिलन की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। नाबालिग बेटे को कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह भेजने से पहले ननिहाल में रखा गया है। इस हृदयविदारक घटना ने मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया, जिससे क्षेत्र में गहरा शोक और स्तब्धता फैल गई है।

