
Gyan Prakash Dubey
मुजफ्फरपुर में 134 पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज—943 केस फाइलें गायब
मुजफ्फरपुर 21 दिसम्बर 24.
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिले के आठ थानों में दरोगा समेत 134 पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात (धारा 409) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन पर आरोप है कि उन्होंने तबादले के बाद 943 मामलों की जांच फाइलें संबंधित अधिकारियों को नहीं सौंपी, जिससे केसों की जांच वर्षों से लंबित है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश कुमार के आदेश पर इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। बताया गया कि तबादले के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने केसों की फाइलें नए अधिकारियों को हस्तांतरित नहीं कीं। इस लापरवाही के कारण पीड़ितों को न्याय मिलने में बाधा उत्पन्न हुई है।
थानों में दर्ज हुए मामले
काजीमोहम्मदपुर थाने में 11 अधिकारी
सदर थाने में 21 अधिकारी
ब्रह्मपुरा थाने में 27 अधिकारी
अहियापुर थाने में 6 अधिकारी
नगर थाने में 54 अधिकारी
अन्य थानों को मिलाकर कुल 134 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जांच में खुलासा हुआ कि कई अधिकारी 5 से 10 साल पहले स्थानांतरित हो गए थे, लेकिन उन्होंने केस फाइलें सौंपने की जिम्मेदारी पूरी नहीं की। काजीमोहम्मदपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार तत्कालीन दरोगा भुनेश्वर सिंह, फुलजेम्स कंडोला, सरोज कुमार, गोपाल पांडेय, राधा सरन पाठक समेत 11 अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ितों को न्याय की राह मुश्किल
943 केसों की फाइलें गायब होने के कारण सैकड़ों मामलों की जांच ठप है। इनमें से कई केस पिछले 10 वर्षों से लंबित हैं, जिससे पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। कई बार पत्राचार के माध्यम से अधिकारियों को फाइलें सौंपने के निर्देश दिए गए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
पुलिस विभाग ने इस मामले में सख्ती बरतने की तैयारी कर ली है। दोषी अधिकारियों को गिरफ्तार कर जांच पूरी करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जिले के वरीय अधिकारियों ने कहा कि न्याय प्रक्रिया में बाधा डालने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS

