
Gyan Prakash Dubey
मुरादाबाद: नकली नोट छापने वाले गैंग का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
मुरादाबाद।
मुरादाबाद पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी आदिल को रंगेहाथ दबोचने के बाद उसके दो साथी मोहम्मद नाजिम और शबाब अख्तर उर्फ राहुल को भी हिरासत में ले लिया गया। मामला मुरादाबाद के थाना मझोला अंतर्गत जयंतीपुर क्षेत्र का है, जहां ये आरोपी किराए के मकान में नकली नोट छाप रहे थे।
फर्जी वेब सीरीज से मिली प्रेरणा
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने नकली नोट छापने की प्रेरणा फर्जी वेब सीरीज देखकर ली थी। अब तक ये गैंग करीब 5 लाख रुपये के नकली नोट छाप चुका है, जिसमें से 3 लाख रुपये बाजार में सप्लाई भी कर दिए गए हैं।
छापेमारी में बरामद हुए नकली नोट
सिटी एसपी रणविजय सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी आदिल खुद को मीडिया फोटोग्राफर बताकर लोगों को गुमराह करता था। मझोला पुलिस को नकली नोट छापने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद इंस्पेक्टर मोहित चौधरी की टीम ने जयंतीपुर में एक विधवा महिला के मकान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 2.74 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए और आदिल को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके दोनों साथी मोहम्मद नाजिम और शबाब अख्तर उर्फ राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस नकली नोटों के बाजार में फैलने के नेटवर्क का भी पता लगा रही है।
NGV PRAKASH NEWS


