
जी.पी. दुबे
97210 711 75
नकली सरसों के तेल का भंडाफोड़, पुलिस ने की कार्रवाई
बस्ती, 1 जनवरी 2025
मुंडेरवा थाना क्षेत्र में एक ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली सरसों के तेल का धंधा करने का मामला सामने आया है। इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब कंपनी की बिक्री में गिरावट के बाद जांच की गई। पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉शिकायत और जांच का सिलसिला
बिहार के छपरा जनपद के सहजीतपुर निवासी अजय पंडित ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने उन्हें बाजार में कंपनी के नाम पर बिक रहे नकली उत्पादों पर कार्रवाई करने का अधिकार दिया है।
बीते कुछ महीनों से बस्ती जनपद और आसपास के इलाकों में कंपनी के नाम पर नकली तेल बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। इस सूचना के आधार पर अजय पंडित अपने सहयोगी शीतल कुमार झा के साथ बस्ती पहुंचे। यहां दुकानों पर जांच के दौरान पता चला कि मुंडेरवा क्षेत्र में एक घर में नकली तेल बनाकर बेचा जा रहा है।
👉छापेमारी में बरामदगी
एक दिसंबर को मुंडेरवा स्थित मकान पर छापा मारा गया। वहां बड़ी मात्रा में नकली सरसों का तेल और पैकेजिंग का सामान मिला। बरामद वस्तुओं में—
एक लीटर के 72 पैकेट।
नकली मार्का 480 स्टीकर।
प्लास्टिक की बोतलें और लूज सरसों का तेल।
तेल नापने के उपकरण।
165 खाली बोतलें।
👉मकान मालिक से पूछताछ
जब मकान मालिक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि कुछ समय पहले उसने मकान किराए पर दिया था, लेकिन किरायेदार के नाम और पते की जानकारी नहीं है।
👉पुलिस ने दर्ज किया मामला
मुंडेरवा पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत अज्ञात किरायेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस नकली तेल के इस गोरखधंधे में शामिल लोगों का पता लगाने में जुट गई है।
NGV PRAKASH NEWS
