
Gyan Prakash Dubey
दिल्ली पुलिस ने 23 वर्षीय साइबर ठग को किया गिरफ्तार, फेक प्रोफाइल बनाकर सैकड़ों महिलाओं को ब्लैकमेल करने का आरोप
नई दिल्ली 4 जनवरी 25.
दिल्ली पुलिस ने एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसने फेक प्रोफाइल बनाकर खुद को अमेरिकी मॉडल बताया और सैकड़ों महिलाओं को ब्लैकमेल किया। आरोपी तुषार बिष्ट (23) ने वर्चुअल इंटरनेशनल मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर महिलाओं को अपने जाल में फंसाया और उनसे पैसे ऐंठे |
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब दिल्ली विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने 13 दिसंबर को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। छात्रा ने बताया कि वह एक ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म पर आरोपी से मिली थी, जिसने खुद को अमेरिका का फ्रीलांसर मॉडल बताया। धीरे-धीरे उसने विश्वास जीतकर छात्रा की अंतरंग तस्वीरें और वीडियो हासिल कर लिए और बाद में ब्लैकमेल करने लगा।
डरी हुई छात्रा ने पहले पैसे दे दिए, लेकिन आरोपी की बढ़ती मांगों से परेशान होकर उसने अपने परिवार को जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान, पुलिस ने आरोपी की पहचान पूर्वी दिल्ली निवासी तुषार बिष्ट के रूप में की, जो नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करता था। उसने कई फेक प्रोफाइल्स बनाकर 500 से अधिक महिलाओं को ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स और सोशल मीडिया पर टारगेट किया।
आरोपी ने ब्राजील के एक मॉडल की तस्वीरें प्रोफाइल में इस्तेमाल कीं और खुद को अमेरिकी नागरिक बताया। वर्चुअल इंटरनेशनल मोबाइल नंबर के जरिए उसने महिलाओं का भरोसा जीता और फिर उन्हें ब्लैकमेल किया।
पुलिस ने तुषार के पास से 13 क्रेडिट कार्ड, एक मोबाइल फोन और पीड़ित महिलाओं का डेटा बरामद किया। आरोपी के फोन में 60 से ज्यादा व्हाट्सएप चैट्स और कई अंतरंग तस्वीरें मिलीं।
साइबर अपराध के बढ़ते खतरे
इस मामले ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर अनजान लोगों पर भरोसा करने के खतरों को उजागर किया है। दिल्ली पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी या तस्वीरें साझा करने से बचें और सतर्क रहें।
NGV PRAKASH NEWS

