
Gyan Prakash Dubey
पूर्णिया में झोलाछाप डॉक्टर की हैवानियत: दुष्कर्म में नाकाम होने पर प्रेमिका को चाकू मारा, हालत गंभीर
पूर्णिया 4 जनवरी 25.
पूर्णिया के केनगर थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक झोलाछाप डॉक्टर ने अपनी प्रेमिका के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की और असफल होने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल महिला को आरोपी ने पहले एक मेडिकल दुकान पर लाकर इलाज कराने की कोशिश की, लेकिन जब दुकानदार ने अस्पताल ले जाने की सलाह दी, तो आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया।
पति के इलाज के लिए आरोपी से मिली थी महिला
घटना केनगर थानाक्षेत्र के गणेशपुर पंचायत वार्ड नंबर 13 की है। पीड़ित 25 वर्षीय महिला दो बच्चों की मां है। जानकारी के अनुसार, महिला की शादी 10 साल पहले मधेपुरा में हुई थी, लेकिन पति की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह मायके में रहने लगी थी। महिला अपने पति के इलाज के सिलसिले में आरोपी झोलाछाप डॉक्टर शेखर कुमार झा से संपर्क में आई थी, जिससे उसकी दोस्ती हो गई।
झांसे में लेकर ले गया सुनसान जगह
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह काझा सब्जी मार्केट गई थी। वहां से लौटते वक्त आरोपी डॉक्टर शेखर झा उसे घर छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। लेकिन घर के बजाय वह उसे काझा नहर की ओर ले गया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने जबरदस्ती करने की कोशिश की।
दुष्कर्म की कोशिश, विरोध पर चाकू से हमला
महिला के विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास रखा चाकू निकाला और उसके पेट में वार कर दिया। फिर उसने दुपट्टे से जख्म बांधा और बाइक पर बैठाकर एक मेडिकल स्टोर पर ले गया। वहां उसने दुकानदार से इलाज करने को कहा, लेकिन दुकानदार ने जख्म की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
महिला के परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली, तो वे मौके पर पहुंचे और उसे जीएमसीएच पूर्णिया ले गए। हालत गंभीर होने के कारण महिला को भागलपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल, उसका इलाज भागलपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी डॉक्टर की तलाश की जा रही है |
NGV PRAKASH NEWS

