मेट्रो में सीट के लिए दो लड़कियों में जमकर चले लात घूसे

दिल्ली मेट्रो में सीट को लेकर भिड़ीं दो लड़कियां, थप्पड़ और बाल पकड़कर की जमकर पिटाई

नई दिल्ली 6 जनवरी 25.
दिल्ली मेट्रो में एक बार फिर शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर मेट्रो के अंदर दो लड़कियों के बीच जमकर मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह विवाद सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ, जो थोड़ी ही देर में थप्पड़, घूंसे और बाल पकड़कर खींचने तक जा पहुंचा।

क्या है पूरा मामला?

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मेट्रो में भीड़ काफी ज्यादा थी। इसी दौरान सीट को लेकर दो युवतियों के बीच बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि एक युवती ने दूसरी को थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ लगते ही दूसरी युवती ने अपना आपा खो दिया और थप्पड़ मारने वाली लड़की के बाल पकड़कर जोरदार पिटाई शुरू कर दी।

वीडियो में दोनों युवतियां एक-दूसरे को अपशब्द कहते हुए भी दिखाई दे रही हैं। मेट्रो में सफर कर रही अन्य महिलाओं ने किसी तरह दोनों को अलग किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

गोद में बैठने से भड़का विवाद

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीट को लेकर हुआ यह झगड़ा तब शुरू हुआ जब खड़ी हुई लड़की ने सीट पर बैठी दूसरी लड़की की गोद में बैठने की कोशिश की। इस पर बैठी लड़की ने आपत्ति जताई, और फिर दोनों के बीच बहस छिड़ गई। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई।

वीडियो में एक महिला यह भी कहते हुए सुनी गई कि अगर यही हरकत किसी पुरुष ने की होती, तो उसे लोग वहीं पीट देते। इस बयान ने सोशल मीडिया पर बहस को और गर्म कर दिया है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले

दिल्ली मेट्रो में विवाद का यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ समय पहले 28 दिसंबर 2024 को भी दो लड़कियों के बीच मेट्रो में लड़ाई का वीडियो वायरल हुआ था। उस घटना में एक लड़की दूसरी को धमकाते हुए कह रही थी कि उसका बॉयफ्रेंड दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर है और वह उसे बुला सकती है।

इस घटना के वीडियो ने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है। कुछ लोग इसे ‘दिल्ली मेट्रो का नया ड्रामा’ कह रहे हैं, तो कुछ ने इसे महिलाओं के बीच सम्मान की कमी बताया है। वहीं, कई लोगों ने मेट्रो में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं और महिला यात्रियों के लिए कड़े नियम लागू करने की मांग की है।

NGV PRAKASH NEWS के लिये वंशिका की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *