
Gyan Prakash Dubey
आगरा पुलिस के दारोगा अमित यादव की हार्ट अटैक से मौत, पुलिस लाइन में दी गई सलामी
आगरा 7 जनवरी 25.
एत्माद्दौला थाने में तैनात दारोगा अमित यादव की रविवार रात सोते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई। सोमवार को उनके रिश्ते की बात करने के लिए लड़की वाले आने वाले थे, जिसके लिए उनकी बहन और बहनोई पहले ही आगरा पहुंच चुके थे। रात में परिवार के साथ खाना खाने के बाद अमित होटल में सोने चले गए, लेकिन सुबह उनकी आंखें नहीं खुलीं।
पुलिस लाइन में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने अमित यादव को अंतिम सलामी दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना पाया गया।
मूल रूप से बागपत के निवासी थे अमित यादव
अमित यादव बागपत जिले के थाना बलैनी के गांव बुड़सैनी के रहने वाले थे। 2020 में मृतक आश्रित कोटे से पुलिस में भर्ती हुए अमित का एक वर्ष पहले गाजियाबाद से आगरा तबादला हुआ था।
रिश्ते की बात करने आने वाले थे लड़की वाले
इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार दुबे के अनुसार, अमित यादव के रिश्ते की बात करने के लिए सोमवार को लड़की पक्ष के लोग आने वाले थे। उनकी बहन और बहनोई तैयारियों के लिए रविवार को ही आगरा आ गए थे। अमित ने उन्हें केएस होटल में ठहराया था। रात को साथ खाना खाने के बाद अमित होटल के भूतल पर अपने कमरे में चले गए।
सुबह जब बहन ने उन्हें फोन किया तो जवाब नहीं मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने दरवाजा खोला, तो अमित बेहोश मिले। तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर में इकलौते बेटे थे अमित यादव
अमित यादव अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी मौत से घर में मातम छा गया है। बहनोई ने बताया कि अमित ने रात को 11:30 बजे उनके साथ खाना खाया था। इसके बाद किसी सूचना पर चले गए और देर रात लौटे। सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गांव में शोक का माहौल
अमित यादव की मौत की खबर से उनके पैतृक गांव बुढ़सैनी में शोक का माहौल है। लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे हैं। उनका पार्थिव शरीर गांव ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुलिस लाइन में दी गई सलामी
पोस्टमार्टम के बाद आगरा पुलिस लाइन में डीसीपी सिटी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने अमित यादव को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक निवास भेजा गया।
NGV PRAKASH NEWS
