पुजारी ने मंगेतर को इसलिए मार दी गोली

जी.पी.दुबे
97210 711 75

कानपुर: शादी से पहले पुजारी ने मंगेतर की हत्या, सीने पर गोली मारकर उतारा मौत के घाट

कानपुर 19 जनवरी 25.
कानपुर के हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र के गडरिया मोहाल में शनिवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक पुजारी ने आपसी विवाद के चलते अपनी मंगेतर को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मंगेतर ब्यूटी पार्लर संचालिका थी और फरवरी में दोनों की शादी होने वाली थी। घटना के बाद पुजारी को मकान मालिक की बेटी ने भागते हुए देखा। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी पुजारी कैद हो गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार
आरोपी अजय मिश्रा, जो शुक्लागंज के ब्रम्हनगर का रहने वाला है, पिछले आठ महीने से गडरिया मोहाल में कृष्ण कुमार शर्मा के मकान में किराए पर रह रहा था। वह वनखंडेश्वर मंदिर स्थित शनि मंदिर का पुजारी था। अजय का पत्नी से तलाक का मुकदमा चल रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात चमनगंज निवासी प्रिया कठेरिया (32) से हुई, जो ब्यूटी पार्लर चलाती थी। प्रिया के पति का 2022 में निधन हो चुका था और उसका दो साल का बेटा भी है।

दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे गहरी हो गई, लेकिन रिश्ते में अक्सर विवाद होने लगे। शनिवार को अजय ने प्रिया को बुलाया, जहां दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ। गुस्से में अजय ने प्रिया के सीने पर गोली मार दी। गोली लगने के बाद प्रिया ने चिल्लाते हुए घटना की जानकारी मकान मालिक की बेटी को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रिया को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मकान में पुलिस को गैस पर चाय खौलती हुई मिली। मौके से 32 बोर का खोखा, हेलमेट, जैकेट और अन्य सबूत बरामद हुए। बताया गया कि अजय वारदात के बाद तमंचा लेकर भाग गया और अपना फोन बंद कर दिया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए हैं। आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं।

रिश्ते में शक और विवाद

प्रिया के ब्यूटी पार्लर चलाने के कारण अक्सर उसके पास कई कॉल आते थे, जो अजय को नागवार गुजरते थे। इस कारण अजय उस पर शक करता था और दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। प्रिया के भाई राहुल ने बताया कि अजय ने तीन दिन पहले भी उसे गोली मारने की धमकी दी थी।

डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस की टीमें घटना की जांच और आरोपी की खोज में लग गई है |

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *