पति की जेब से निकले शक्ति वर्धक दवाओं के रैपर : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह हुआ खुलासा..?

जी. पी. दुबे

प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, शक्तिवर्धक दवा का ओवरडोज साबित करने की रची साजिश

कानपुर, 23 जनवरी 2025.
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ऐसा षड्यंत्र रचा, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। महिला ने पहले अपने पति की गला दबाकर हत्या की और फिर इसे दवा के ओवरडोज से हुई मौत दिखाने की कोशिश की। इस साजिश का पर्दाफाश तब हुआ, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार..
मृतक आबिद अली अपनी पत्नी शबाना और बेटे के साथ बिठूर में रहता था। 19 जनवरी की रात शबाना ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति की मौत शक्तिवर्धक दवा के ओवरडोज से हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक की जेब से आठ शक्तिवर्धक कैप्सूल के रैपर मिले। मृतक के शरीर पर किसी चोट के निशान नहीं थे, जिससे पुलिस को शबाना की कहानी सच लगने लगी।

शबाना ने पति की मौत पर खूब रोने-धोने का नाटक किया, जिससे परिवार और पुलिस को लगा कि वह निर्दोष है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद आबिद को दफना दिया गया।

अगले दिन आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले को पलट दिया। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि आबिद की मौत गला दबाने से हुई थी। दवा के ओवरडोज वाली कहानी पूरी तरह फर्जी निकली।

पुलिस ने जांच शुरू की तो शबाना के भाई सलीम ने ही शक जाहिर किया कि आबिद की हत्या में उसकी बहन शबाना और कोई अन्य व्यक्ति शामिल हो सकता है। इसके बाद पुलिस ने शबाना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शबाना की कॉल डिटेल खंगालने पर पता चला कि वह घटना की रात रेहान नाम के युवक के संपर्क में थी। पुलिस ने रेहान को भी हिरासत में लिया।

पुलिसिया पूछताछ में पता चला कि शबाना और रेहान की दोस्ती एक साल पहले सोशल मीडिया पर हुई थी। रेहान, उन्नाव के बांगरमऊ का रहने वाला है और अक्सर शबाना से मिलने उसके घर आता था। पति आबिद को शबाना और रेहान के संबंधों पर शक था, जिससे घर में आए दिन झगड़े होते थे।

झगड़ों से तंग आकर शबाना ने आबिद को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। उसने अपने प्रेमी रेहान को भी इस साजिश में शामिल कर लिया। रेहान ने अपने दोस्त विकास की मदद ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार..
घटना वाली रात, जब आबिद सो रहा था, शबाना ने चुपके से रेहान और उसके दोस्त विकास को घर बुलाया। तीनों ने मिलकर गला दबाकर आबिद की हत्या कर दी। इसके बाद, पहले से बनाए गए प्लान के अनुसार, शबाना ने मृतक की जेब में शक्तिवर्धक दवा के रैपर रख दिए।

सुबह शबाना ने शोर मचाते हुए पुलिस को सूचना दी कि आबिद की मौत हो गई है। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने दवा के ओवरडोज की झूठी कहानी सुनाई।

जांच के दौरान जब शबाना और रेहान से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। फिलहाल, पुलिस ने शबाना और रेहान को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की तहकीकात जारी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *