

मुंबई 23 जनवरी 25.
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बुधवार शाम एक बड़ा ट्रेन हादसा हुआ, जब लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह से यात्रियों में हड़कंप मच गया। अफवाह के डर से यात्रियों ने चलती ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया। इसी दौरान बगल की पटरी से गुजर रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आकर 13 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए।
जलगांव की पाचोरा तहसील के परधाडे गांव के पास यह हादसा हुआ। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुष्पक एक्सप्रेस के एक डिब्बे में ‘हॉट एक्सल’ या ‘ब्रेक-बाइंडिंग’ की वजह से चिंगारी उठी। इसे देखकर यात्रियों में घबराहट फैल गई। कुछ यात्रियों ने चेन खींची, जिससे ट्रेन धीमी हो गई। इसके बाद करीब 30-40 यात्री जान बचाने के लिए चलती ट्रेन से कूदने लगे। उसी समय, बगल की पटरी से तेज गति से कर्नाटक एक्सप्रेस गुजर रही थी, जिससे कई लोग उसकी चपेट में आ गए।
चाय वाले ने फैलाई अफवाह
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने पत्रकारों को बताया कि यह अफवाह एक चायवाले ने फैलाई। उसने चिल्लाकर कहा कि ट्रेन में आग लग गई है। यह सुनकर श्रावस्ती के दो यात्री, उधल कुमार और विजय कुमार, घबरा गए। उन्होंने यह अफवाह अन्य यात्रियों तक पहुंचाई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में मारे गए 13 लोगों में से 10 की पहचान हो चुकी है। तीन शवों की पहचान अभी बाकी है। घायलों में 8 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं, जिनका जलगांव के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे के तुरंत बाद प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए। राहत और बचाव कार्य जारी है। डिप्टी सीएम ने हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
NGV PRAKASH NEWS

👉 समाचार स्रोत पीटीआई
