
IAS बनने का झांसा देकर दो महिला अधिकारियों से ठगी, आरोपी गिरफ्तार
हरदोई:
हरदोई पुलिस ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को IAS अधिकारी बताकर महिला अधिकारियों को शादी का झांसा देकर लाखों की ठगी की। आरोपी हरिकेश पांडेय ने मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर खुद को हरदोई का ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बताया और विश्वास जीतकर पैसे ऐंठे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हरिकेश पांडेय, जो प्रतापगढ़ जिले के भगवानपुर मुफरिद गांव का निवासी है, ने अपने दिव्यांग भाई के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। उसने उन्नाव और लखनऊ में तैनात दो महिला अधिकारियों को निशाना बनाया। आरोपी ने वेतन न मिलने का बहाना बनाकर एक महिला अधिकारी से 1 लाख रुपये नकद और 1.23 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। कुछ समय बाद उसने झूठा दावा किया कि उसका ट्रांसफर हरदोई से कासगंज हो गया है, जिससे महिला अधिकारी को शक हुआ। जब उन्होंने जांच की, तो पता चला कि हरदोई में इस नाम का कोई ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नहीं है।
पीड़िता की शिकायत के बाद साइबर थाने में मामला दर्ज हुआ और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके पास से फर्जी नियुक्ति पत्र, पैन कार्ड, पासबुक और डीएम हरदोई के साथ एडिट की गई फोटो बरामद हुई।
हरदोई एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि आरोपी पहले भी इसी तरह की ठगी कर चुका है। जब पीड़ित महिला अधिकारी ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य अपराधों की भी जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS

