
देवरिया: 5 फरवरी 25.खाना बनाने गई महिला से दो युवकों ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भलुअनी उपनगर के नंदा नगर वार्ड में मंगलवार की शाम खाना बनाने गई महिला के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता भलुअनी क्षेत्र में स्थित नंदा नगर वार्ड में किराए पर रहने वाले रूपेश सिंह के घर खाना बनाने जाती थी। रूपेश बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के झरकहा गांव का रहने वाला है और मछली का व्यवसाय करता है। मंगलवार की शाम जब महिला उसके घर खाना बनाने पहुंची तो रूपेश की नीयत खराब हो गई और उसने जबरदस्ती करने की कोशिश की। इसी दौरान उसका दोस्त अभिमन्यु सिंह भी वहां आ गया और दोनों ने मिलकर महिला के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद किसी तरह वहां से भागकर महिला अपने घर पहुंची और बुधवार सुबह पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़िता से पूछताछ की।
आरोपी गिरफ्तार
भलुअनी थाना अध्यक्ष अजय कुमार पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
**NGV PRAKASH NEWS*

