Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दुर्गा पूजा को लेकर एक्शन में बस्ती पुलिस, एसपी ओमवीर सिंह ने शहर में किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बस्ती 12 अक्टूबर 2026.
नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस अलर्ट मोड पर है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर और भारी पुलिस बल के साथ शहर के कोतवाली एवं पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों का किया निरीक्षण
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और पूजा समिति के आयोजकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
डीजे की आवाज और सुरक्षा इंतजामों पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने पूजा समिति के आयोजकों को शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीजे का संचालन निर्धारित ध्वनि सीमा और न्यायालय के मानकों के अनुरूप किया जाए। इसके साथ ही पंडालों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अफवाहों और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और नियमों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा डायल 112 पर सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानंद सिंह , प्रभारी निरीक्षक पुरानी बस्ती, प्रभारी निरीक्षक वाल्टरगंज, प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS