“मैं डॉक्टर बनने लायक नहीं हूं” लिखकर एमबीबीएस की छात्रा ने कर ली आत्महत्या

जी.पी. दुबे
97210 711 75

एमबीबीएस छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- “मैं डॉक्टर बनने लायक नहीं हूं”

मेरठ 14 दिसंबर 24.
लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज की फाइनल ईयर की एमबीबीएस छात्रा अनुष्का सिंह ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली। घटना बृहस्पतिवार देर रात की है, जब अनुष्का पढ़ाई के लिए अपने स्टडी रूम में गई थीं। शुक्रवार सुबह उनकी मां जब उन्हें जगाने पहुंचीं, तो अनुष्का का शव बेड पर मिला। पास ही जहर की बोतल और एक गिलास पड़ा था। पुलिस को घटनास्थल से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था, “मैं डॉक्टर बनने लायक नहीं हूं।”

यहां बताते चलें कि अनुष्का एक प्रतिष्ठित डॉक्टर परिवार से थीं। उनके पिता डॉ. एसपी सिंह एनसीआर मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर हैं और मां डॉ. ऊषा सिंह एक निजी नर्सिंग होम चलाती हैं। दोनों पहले सेना में भी डॉक्टर रह चुके हैं। अनुष्का की छोटी बहन देवांशी फिरोजाबाद से एमबीबीएस कर रही हैं।

अनुष्का लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थीं। नवंबर से मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं बंद थीं, इसलिए वह घर पर ही रहकर पढ़ाई कर रही थीं।

पुलिस जांच में सामने आया कि अनुष्का पिछले चार वर्षों से मानसिक तनाव से जूझ रही थीं। तनाव की वजह से उन्होंने कई बार आत्महत्या करने की कोशिश की थी। उनके हाथों पर चाकू के छह से सात निशान थे, जो पहले के आत्महत्या प्रयासों की गवाही दे रहे थे। हालांकि, पिछले एक साल से वह सामान्य लग रही थीं, और उनके परिवार को भी लगने लगा था कि वह ठीक हो गई हैं।

बृहस्पतिवार रात अनुष्का रोज की तरह माता-पिता से बात करने के बाद पढ़ाई करने के लिए अपने स्टडी रूम में चली गईं। शुक्रवार सुबह जब उनकी मां उन्हें जगाने पहुंचीं, तो उनका शव बेड पर पड़ा था। पास में जहर की एक नीले रंग की बोतल और एक गिलास भी मिला, जिसमें जहर के अवशेष थे।

पुलिस ने जहर की बोतल, गिलास और उस पार्सल को जब्त कर लिया है, जिससे जहर की बोतल मंगाई गई थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जहर की बोतल कहां से और कैसे मंगाई गई थी।

एसपी देहात डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि छात्रा ने मानसिक तनाव के कारण जान दी है। हालांकि, परिवार ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है। अनुष्का की छोटी बहन देवांशी के घर लौटने के बाद शाम को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *