
संभल में ऑनर किलिंग: पिता ने बेटी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर की हत्या, जहरीला पदार्थ खाकर खुद भी तोड़ा दम
संभल 5 फरवरी 25.
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में ऑनर किलिंग का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बेटी को युवक से फोन पर बात करते देख गुस्साए पिता ने लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई।
घटना की पूरी कहानी
मामला ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के असरफपुर गांव का है। गांव निवासी मिथलेश के अनुसार, उनकी 19 वर्षीय बेटी अंशु गांव के ही एक युवक से फोन पर बातचीत करती थी। पिता राजपाल ने कई बार उसे समझाया और यहां तक कि उसकी पढ़ाई भी बंद करा दी थी, लेकिन अंशु ने युवक से बात करना नहीं छोड़ा।
मंगलवार की दोपहर अंशु आंगन में चारपाई पर लेटी थी और फोन पर युवक से बात कर रही थी। इसी दौरान राजपाल ने उसे देख लिया और गुस्से में लोहे की रॉड से उसके सिर पर कई वार कर दिए। अंशु की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद राजपाल ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया। पहले असमोली सीएचसी, फिर जिला अस्पताल और आखिर में मेरठ रेफर किया गया, लेकिन बुधवार को राजपाल की भी मौत हो गई।
ग्रामीणों की गवाही और मां की गुहार
गांव के लोगों ने बताया कि राजपाल ने बेटी को युवक से बात न करने की कई बार चेतावनी दी थी। परिजनों ने उसे कई बार पीटा भी और उसकी पढ़ाई बंद करा दी, लेकिन उसने युवक से बातचीत जारी रखी।
घटना के समय अंशु ने अपने चेहरे को दुपट्टे से ढक लिया था ताकि परिवार को भनक न लगे कि वह फोन पर बात कर रही है। मगर राजपाल को संदेह हो गया और उसने तुरंत रॉड से हमला कर दिया।
मृतका की मां मिथलेश ने बताया कि उन्होंने बेटी की एक चीख सुनी थी, लेकिन जब वह छत से नीचे आईं तो देखा कि अंशु का चेहरा खून से लथपथ था और उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने पुलिस से पति को बचाने की गुहार लगाई थी, लेकिन अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस जांच जारी
एएसपी श्रीश्चंद्र ने बताया कि इस मामले में मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस इस ऑनर किलिंग मामले की गहन जांच कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS

