गोबर फेंकने जा रही यस सी लड़की के साथ किया दुष्कर्म : दोबारा बुलाने पर नहीं आई तो वीडियो कर दिया वायरल

मुजफ्फरनगर, 20 फरवरी 2025 — छपार क्षेत्र के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गोबर डालने जा रही अनुसूचित जाति की 24 वर्षीय युवती के साथ दूसरे समुदाय के युवक ने दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो बनाकर वायरल कर दी। इस मामले में परिजनों ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है।

मामला तीन दिन पुराना है, जब दोपहर के समय युवती खेत में गोबर डालने के लिए जा रही थी। रास्ते में गांव के ही एक युवक ने उसे पकड़ लिया और जबरन ईख के खेत में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने इस जघन्य अपराध का वीडियो भी बना लिया। जब युवती ने इस घटना की जानकारी परिजनों को देने की बात कही, तो आरोपी ने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जिससे डरकर युवती चुप रही और किसी को कुछ नहीं बताया।

हालांकि, सोमवार देर शाम को आरोपी ने वीडियो वायरल कर दिया, बताया जा रहा है कि युवती को दोबारा बुलाने पर जब वह नहीं गई, तो आरोपी ने यह घिनौनी हरकत की। वीडियो वायरल होने के बाद युवती के परिजनों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने बेटी से पूछताछ की। तब जाकर युवती ने सारी सच्चाई बताई।

मंगलवार सुबह परिजन युवती को लेकर थाना छपार पहुंचे और तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवती का मेडिकल परीक्षण कराया और मामला दर्ज कर लिया।

सीओ सदर राजू कुमार साव ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है और लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *