कासगंज पुलिस में नई पहल, जन्मदिन और सालगिरह पर मिलेगा अवकाश-एसपी ओपी सिंह…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कासगंज पुलिस में नई पहल, जन्मदिन और सालगिरह पर मिलेगा अवकाश; एसपी ओपी सिंह ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं

कासगंज, 12 मई 2026.

कासगंज पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम सभागार में रविवार देर रात पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने जनपद के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विशेष सम्मेलन आयोजित कर पुलिस महकमे को बड़ा संदेश दिया। सम्मेलन के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में ड्यूटी व्यवस्था, आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं, भोजन व्यवस्था, अवकाश, पारिवारिक समस्याएं समेत कई विभागीय मुद्दे उठाए गए। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने स्पष्ट कहा कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाएगा, क्योंकि बेहतर कार्य वातावरण से ही प्रभावी पुलिसिंग संभव है।

सम्मेलन के दौरान एसपी ने पुलिस विभाग और शासन स्तर पर संचालित कल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, परिवार कल्याण और सेवा संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक करते हुए तनावमुक्त होकर कार्य करने की सलाह दी। साथ ही अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने सख्त निर्देश दिए और कहा कि हर पुलिसकर्मी विभाग की महत्वपूर्ण इकाई है, इसलिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया जाए।

सम्मेलन की सबसे खास घोषणा पुलिसकर्मियों के अवकाश को लेकर रही। एसपी ओपी सिंह ने जनपद स्तर पर नई व्यवस्था लागू करते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को उसके निर्धारित आकस्मिक अवकाशों में से पांच विशेष अवसरों पर हर परिस्थिति में अवकाश दिया जाएगा। इसमें स्वयं का जन्मदिन, पति या पत्नी का जन्मदिन, शादी की सालगिरह तथा पहले और दूसरे बच्चे के जन्मदिन के अवसर शामिल किए गए हैं। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

पुलिस विभाग में इस नई पहल को पुलिसकर्मियों के मनोबल और पारिवारिक संतुलन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सम्मेलन में विभिन्न शाखाओं और थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *