
बुलंदशहर.
यूपी के बुलंदशहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने भाई पर पत्नी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया, तो भाई और अन्य परिजनों ने उसे पकड़कर दरांती से उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। शोर मचाने पर पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस पर रिपोर्ट न दर्ज करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
यह मामला शिकारपुर थाना क्षेत्र के सरावा गांव का है। पीड़ित व्यक्ति ने एसएसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसका आरोप है कि उसका छोटा भाई उसकी पत्नी पर बुरी नज़र रखता है और कई बार दुष्कर्म का प्रयास कर चुका है। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी भाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे घर से बेदखल कर दिया।
आरोप है कि 18 फरवरी की शाम को आरोपी भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर भाई, माता-पिता और बहन ने मिलकर उसे पकड़ लिया और मारपीट की। इसके अलावा, दरांती से उसका प्राइवेट अंग काट दिया। शोर सुनकर ग्रामीणों ने आकर उनकी जान बचाई।
पीड़ित ने कोतवाली शिकारपुर पहुंचकर तहरीर दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ मेडिकल कराया और कोई कार्रवाई नहीं की। एसएसपी ने कोतवाली पुलिस को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शिकारपुर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार दुबे का कहना है कि पहले भी दोनों भाइयों के बीच जमीनी विवाद रहा है, जिसको लेकर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी। अब फिर से दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ है और प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच की जा रही है।
सीओ शिकारपुर शिव ठाकुर ने बताया कि गांव सरावा में दो भाइयों के बीच जमीनी विवाद को लेकर मंगलवार को मारपीट हुई थी। इसमें बड़े भाई को चोट आई है, और उसने अपने छोटे भाई पर आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
— NGV PRAKASH NEWS..

