
पूर्व विधायक के पुत्र ने की आत्महत्या की कोशिश, पत्नी और ससुरालवालों पर उत्पीड़न के आरोप
देवास: मध्य प्रदेश के देवास जिले की सोनकच्छ सीट के पूर्व विधायक और भाजपा नेता सुरेंद्र वर्मा के पुत्र प्रमोद वर्मा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। स्वजनों ने उन्हें इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
प्रमोद ने जहरीला पदार्थ खाने से पहले एक नोट लिखा, जिसमें पत्नी और ससुरालवालों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए। उन्होंने लिखा—
“कभी शादी मत करना… यह जरूरी नहीं है।”
प्रमोद बिल्डिंग मटेरियल के कारोबारी हैं और उनकी शादी को 15 वर्ष हो चुके हैं। परिवार के अनुसार, पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पत्नी ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
कुछ दिन पहले प्रमोद की पत्नी ने इंदौर के महिला थाने में उत्पीड़न और घरेलू हिंसा की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें प्रमोद और उनके परिवार के सदस्यों को आरोपी बनाया गया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
मानसिक तनाव में थे प्रमोद
स्वजनों का कहना है कि कुछ रिश्तेदारों ने समझौता कराने की कोशिश भी की, लेकिन पत्नी और ससुरालवाले राजी नहीं हुए और कानूनी कार्रवाई की धमकी देते रहे। इससे प्रमोद मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गए और शनिवार को आत्महत्या की कोशिश की।
नोट में मां से मांगी माफी
प्रमोद के सुसाइड नोट में लिखा है—
“मां, मुझे माफ कर देना। मैं अच्छा बेटा, भाई और पिता नहीं बन पाया। शादी के बाद से ही पत्नी और ससुरालवाले मुझे प्रताड़ित कर रहे हैं।”
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS

