
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, पुलिस ने चार को भेजा जेल
कुशीनगर। सात जन्मों का साथ निभाने वाली पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद ऐसा जाल बुना कि कातिलों का पता लगाना मुश्किल था। महिला के प्रेमी और उसके साथियों ने शव और बाइक को बोलेरो में लादकर जंगल सिसवा रेगुलेटर में फेंक दिया। कहा जाता है कि गुनाह बोलता है, और इस मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है। यह मामला कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के ग्राम सखवनिया का है।
गांव के युवक शिवम प्रताप सिंह की हत्या के मामले में स्वाट टीम और कुबेरस्थान पुलिस ने साढ़े पांच माह बाद खुलासा किया। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी सीमा सिंह ने प्रेमी नूर आलम और उसके साथियों नसीम आलम व शाह आलम के साथ मिलकर अपने पति की हत्या करवाई। हत्या के बाद शव को जंगल सिसवा रेगुलेटर में फेंक दिया गया।
पति से पीछा छुड़ाने के लिए रची साजिश
सीमा सिंह की शादी 2019 में शिवम सिंह से हुई थी, लेकिन तीन वर्षों से उसका प्रेम-प्रसंग नूर आलम से चल रहा था। इसी बीच, सीमा ने 2022 में शिवम और उसके परिवार पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराकर पडरौना में किराए के मकान में रहने लगी। इधर, शिवम अपनी कीमती जमीनें बेचने लगा। सीमा भले ही पति को पसंद नहीं करती थी, लेकिन उसे जायदाद का लालच था।
शव अभी तक नहीं मिला
सीमा और नूर आलम ने मिलकर शिवम की हत्या की योजना बनाई। 3 जून 2024 की रात करीब 11 बजे सीमा ने शिवम को बेलवनिया (बड़गांव) नहर पर मिलने बुलाया। जैसे ही शिवम वहां पहुंचा, नूर आलम और उसके साथियों ने उसकी हत्या कर दी। फिर शव और बाइक को बोलेरो में लादकर जंगल सिसवा रेगुलेटर के पूरब नहर में फेंक दिया। पुलिस ने मृतक की बाइक और हत्या में इस्तेमाल आलाकत्ल बरामद कर लिया है, लेकिन शव नहीं मिल सका है।
चार आरोपी गिरफ्तार
सीओ सदर अभिषेक प्रताप आंजेय ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके सहयोगी दो अन्य लोगों को भी जेल भेजा गया है। पुलिस अब शव की तलाश में जुटी है।
NGV PRAKASH NEWS

