
सीतापुर में पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई की दिनदहाड़े हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली
सीतापुर, 8 मार्च 2025 – दैनिक जागरण के पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई की आज दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह महोली से सीतापुर जा रहे थे, तभी लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर हेमपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवरब्रिज पर बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
गिरते ही उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धमकी मिलने के बाद हुई हत्या?
परिजनों के मुताबिक, पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई को 10 दिन पहले उनकी खबरों को लेकर जान से मारने की धमकी मिली थी। वह धान खरीद से जुड़ी अनियमितताओं पर लगातार खबरें प्रकाशित कर रहे थे।
बदमाश फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। इस हमले से पत्रकारिता जगत में रोष है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी पत्नी सदमे में हैं।
पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल
इस जघन्य हत्या से एक बार फिर पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। पुलिस प्रशासन से हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS

