
दहेज की डिमांड पर टूटी शादी: दूल्हे ने दूर से देखा, बाइक न पाई तो बारात लौटा ले गया!
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां एक दूल्हे ने दहेज की डिमांड पूरी न होने पर शादी से ही मुंह मोड़ लिया। जैसे ही उसे दुल्हन के घर पर अपाचे बाइक नजर नहीं आई, वह बिना किसी शोर-शराबे के पूरी बारात लेकर वापस लौट गया। इस हरकत से दुल्हन का परिवार सदमे में आ गया, और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
बारात आई, स्वागत हुआ, फिर अचानक सब गायब!
मामला बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव पुरवा पट्टी का है। राजेश की बेटी की शादी 6 मार्च को तय थी, और बारात कानपुर देहात से आई थी। बारातियों का स्वागत किया गया, नाश्ता-पानी हुआ, लेकिन जब दूल्हे पक्ष ने अचानक अपाचे बाइक और 50 हजार रुपये की डिमांड रखी, तो माहौल बदल गया। दुल्हन के पिता ने थोड़ा वक्त मांगा, लेकिन दूल्हे पक्ष ने पहले शादी की रस्में शुरू करने की बात कही।
रातभर इंतजार, लेकिन बारात तो गायब हो चुकी थी!
जब दुल्हन का परिवार शादी की रस्मों के लिए तैयार हुआ और दूल्हे को बुलाने पहुंचे, तो बारात का नाम-ओ-निशान तक नहीं था। दूल्हे समेत सभी बाराती चुपचाप भाग चुके थे। जब इसकी जानकारी लगी तो परिवार में कोहराम मच गया।
दुल्हन बोली—अब जीने का मन नहीं करता!
इस घटना से दुल्हन का परिवार बेहद आहत है। दुल्हन की मां ने बताया कि बेटी गहरे सदमे में है और बार-बार कह रही है कि अब जीने का मन नहीं करता। वहीं, दुल्हन के भाई का कहना है कि गाड़ियों की पार्किंग के दौरान दूल्हे के रिश्तेदारों से हाथापाई भी हुई।
पुलिस में शिकायत, कार्रवाई की मांग
इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही इस दहेज लोभी दूल्हे पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS


