मुंडेरवा थाना क्षेत्र में एक ही रात में आधा दर्जन से ज्यादा घरों में लाखों की चोरी..

मुंडेरवा थाना क्षेत्र में भीषण चोरी, गांव में मचा हड़कंप

बस्ती, 2 अप्रैल 2025

बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना अंतर्गत तुरकौलिया बरगाह और बरडाड क्षेत्र में बीती रात चोरों ने ताबड़तोड़ चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैला दी। एक ही रात में छह से अधिक घरों और कई दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

गांव के निवासी प्रमोद और बाबूलाल के घरों में चोरों ने लाखों के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा, चोरों ने दुकानों को भी अपना निशाना बनाया, जिससे व्यापारियों में भी दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) रूधौली स्वर्णिमा सिंह मौके पर पहुंचीं और पुलिस टीम के साथ जांच शुरू की।

चोरी की इन घटनाओं में ग्राहक सेवा केंद्र को भी निशाना बनाया गया, जहां चोरों ने लैपटॉप और एक लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों की यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे पुलिस को सुराग मिलने की उम्मीद है। प्रारंभिक जांच में चोरी की कुल संपत्ति लगभग 31 लाख रुपये आंकी गई है।

इस मामले में जानकारी देते हुए सीओ रूधौली स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि तुरकौलिया बरगाह में चोरी हुई है। इस सूचना के बाद पीआरबी 112 और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। सीओ ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोग गश्त व्यवस्था को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब चोर बेखौफ होकर इतने बड़े पैमाने पर चोरी की वारदात को अंजाम दे सकते हैं, तो पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठना लाजिमी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *