दिल को दहला देने वाली घटना::राक्षसी प्रवृति की तरफ बढ़ता समाज : दरिंदों से नहीं सुरक्षित है बेटियां


घर लौट रही इंटर की छात्रा से उप मुखिया समेत चार दरिंदों ने किया गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार

बांका (बिहार), 14 अप्रैल 2025
बिहार के बांका जिले से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इंटर की एक छात्रा के साथ चार लोगों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया, जिनमें एक स्थानीय उप मुखिया भी शामिल है। पीड़िता भागलपुर में रहकर पढ़ाई करती है और नामांकन कराने के लिए अपने गांव आई थी।

घटना उस समय हुई जब छात्रा स्कूल में नामांकन कराकर शाम करीब छह बजे अपने गांव लौट रही थी। रास्ते में बहियार इलाके के पास एक पुल पर पहले से घात लगाए चार आरोपियों ने छात्रा को रोक लिया। उन्होंने उसका मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद चारों ने बारी-बारी से छात्रा के साथ गैंगरेप किया।

घटना की जानकारी पीड़िता ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को दी। परिजनों ने तुरंत शंभूगंज थाना पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी कर दो आरोपियों – उप मुखिया गौतम कुमार और उसके साथी विनीत कुमार उर्फ छोटू – को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार एक आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है, जबकि उप मुखिया गौतम कुमार ने खुद को निर्दोष बताया और कहा कि उसे साजिशन फंसाया जा रहा है।

इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश है और लोगों ने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब बेटियां पढ़ाई के लिए घर से निकलें और रास्ते में उनके साथ दरिंदगी हो, तो ‘बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ’ जैसे नारे कितने सुरक्षित हैं?

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *