मामूली विवाद में मारकर सिर फोड़ा, तमंचा के साथ वीडियो वायरल

मामूली विवाद में एक दर्जन युवकों ने युवक पर किया हमला, देसी तमंचा से सिर फोड़ा, वीडियो हुआ वायरल

बस्ती: नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत करहली पुलिस चौकी के ग्राम पंचायत मटेरा में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चार बाइक पर सवार होकर आए करीब एक दर्जन नवयुवकों ने एक युवक पर हमला कर दिया। हमलावरों के पास देसी तमंचा भी था, जिससे एक युवक के सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत स्पीड में ट्रैक्टर चलाने और साइड न देने को लेकर हुई थी। इसी बात को लेकर गुस्साए दबंग युवक अपने साथियों के साथ युवक को मारने पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार, हमले के दौरान जब युवक का सिर फूटा तो उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और दो हमलावरों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि बाकी युवक भागने में सफल रहे।

ग्रामीणों ने दोनों पकड़े गए युवकों को करहली पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। चौकी प्रभारी मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों के पास से एक देसी तमंचा बरामद किया है। अब बड़ा सवाल यह है कि इतने कम उम्र के लड़कों के पास देसी तमंचा आखिर आया कहां से। यह न सिर्फ चिंता का विषय है, बल्कि स्थानीय पुलिस के लिए भी एक चुनौती बन गया है।

पुलिस ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए एम्बुलेंस से सीएचसी बहादुरपुर भेज दिया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में देसी तमंचा लेकर खड़ा है। इस मामले ने ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था और अवैध हथियारों की उपलब्धता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *