अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे परिवार की मार्ग दुर्घटना में हुई दर्दनाक मौत


अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे परिवार की कार ट्रक से टकराई, बुजुर्ग दंपति समेत चार की मौत

फतेहपुर (उत्तर प्रदेश): शनिवार को फतेहपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग दंपति समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब झांसी से एक परिवार प्रयागराज जा रहा था, जहां उन्हें हाल ही में दिवंगत हुए बेटे की अस्थियां गंगा में विसर्जित करनी थीं।

यह भीषण हादसा फतेहपुर के खागा क्षेत्र में एनएच-2 स्थित सुजानपुर क्रॉसिंग के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार की खिड़कियां तोड़कर सभी यात्रियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घायलों को तत्काल सीएचसी हरदोई पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतकों में सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी, उनकी पत्नी, दामाद और कार चालक शामिल हैं। सभी झांसी जिले के निवासी थे। हादसे में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उनका 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका फतेहपुर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने जानकारी दी कि मृतक बुजुर्ग के छोटे बेटे की कुछ दिन पहले ओंकारेश्वर मंदिर यात्रा के दौरान नर्मदा नदी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। उसका अंतिम संस्कार गुरुवार को हुआ था, और शनिवार को परिवार अस्थि विसर्जन के लिए प्रयागराज जा रहा था।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

– NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *