
सरकारी योजना के चक्कर में जीजा से कराई साली की शादी, अब तलाक से किया इनकार – परिवार में मचा बवाल
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ लेने की चाहत ने एक परिवार को उलझनों में डाल दिया है। योजना के तहत मिलने वाले 50 हजार रुपये के लालच में एक व्यक्ति ने अपनी छोटी बेटी की शादी अपनी बड़ी बेटी के पति से ही करवा दी। पहले से तय हुआ था कि योजना का लाभ मिलते ही वह अपनी छोटी बेटी को तलाक दे देगा, लेकिन अब दामाद मुकर गया है।
कस्बे के एक मोहल्ले निवासी व्यक्ति की तीन बेटियां हैं, जिनमें से दो विवाहित हैं और एक अविवाहित थी। दूसरी बेटी की शादी चार साल पहले बहसूमा (मेरठ) के एक युवक से हुई थी। हाल ही में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि के लालच में व्यक्ति ने अपने इसी दामाद से तीसरी बेटी की भी शादी कर दी।
पहले से तय था कि योजना की राशि मिलते ही दामाद तलाक देगा। लेकिन अब दामाद का कहना है कि वह पहली पत्नी को छोड़ सकता है लेकिन साली (नई पत्नी) को तलाक नहीं देगा। इस जिद ने पूरे परिवार में हंगामा मचा दिया है।
रोजाना पंचायतें बैठ रही हैं, लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकला है। स्थानीय लोगों के अनुसार दामाद अब दोनों बहनों को अपने साथ रखना चाहता है, जबकि परिवार और रिश्तेदारों में इसे लेकर तीखी बहस और चर्चा जारी है।
यह मामला न सिर्फ सामाजिक स्तर पर चिंता का विषय है, बल्कि कानून की नजर में भी गंभीर हो सकता है।
NGV PRAKASH NEWS

