
12 घंटे में सनसनीखेज महिला हत्या कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
(NGV PRAKASH NEWS | बस्ती)
थाना कोतवाली पुलिस ने महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नोहर चौधरी, उसकी पत्नी विद्यावती उर्फ संतोला और पुत्री लक्ष्मी शामिल हैं। पुलिस ने इन्हें 25 अप्रैल 2025 की शाम 7:50 बजे राजाचक मोड़ पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।
थाना कोतवाली क्षेत्र के सरायघाट मिश्रौलिया गांव निवासी नोहर चौधरी, उसकी पत्नी विद्यावती और पुत्री लक्ष्मी ने मिलकर सुनीता नामक महिला की गला दबाकर व डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। सूचना रामबली कन्नौजिया ने दी थी, जिनकी बहन सुनीता, पति की मृत्यु के बाद नोहर चौधरी के साथ रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, सुनीता और नोहर ने भदेश्वरनाथ मंदिर में विवाह कर लिया था और पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे थे। इलाज और खर्चों को लेकर सुनीता का बार-बार आना-जाना नोहर की पत्नी और पुत्री को नागवार गुजरा। आर्थिक दबाव व घरेलू कलह के चलते तीनों ने मिलकर साजिश रची और 24 अप्रैल 2025 की रात सुनीता की हत्या कर दी।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा और लकड़ी का चैला बरामद किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम और विवरण:
- नोहर चौधरी पुत्र झिनकान, उम्र लगभग 50 वर्ष
- विद्यावती उर्फ संतोला पत्नी नोहर चौधरी, उम्र लगभग 40 वर्ष
- लक्ष्मी पत्नी शिवसहाय चौधरी, पुत्री नोहर चौधरी, उम्र लगभग 21 वर्ष
पुलिस टीम:
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विश्वमोहन राय, उपनिरीक्षक संजय कुमार तथा कांस्टेबल मुन्नालाल चौधरी, संजीत कुमार शाह, धनंजय यादव, अनुनय सोनवांशी और महिला आरक्षी अमिता देवी व कमली यादव का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली पर मुकदमा संख्या 149/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। आगे की विधिक कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
(NGV PRAKASH NEWS)

