तीन बच्चों के मां को दिल दे बैठी नाबालिक : भाग कर दोनों ने..


तीन बच्चों की मां को दिल दे बैठी नाबालिग ननद, दरभंगा से भागकर राजस्थान में रचाई शादी
पटना, 27 अप्रैल 2025 | NGV PRAKASH NEWS

बिहार के दरभंगा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है। यहां तीन बच्चों की मां कृति देवी ने अपनी ही नाबालिग ननद से प्रेम संबंध बनाकर उससे शादी कर ली। यह मामला बहेड़ी थाना क्षेत्र के पताही गांव का है, जहां की रहने वाली कृति देवी ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर विवाह रचा लिया।

पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी महिला, उसके पति और नाबालिग लड़की को राजस्थान से बरामद कर दरभंगा की अदालत में पेश किया। अदालत ने कृति देवी और उसके पति कृष्ण कुमार मांझी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि नाबालिग को मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, कृति देवी की शादी लगभग 11 वर्ष पूर्व कृष्ण कुमार मांझी से हुई थी और उनके तीन बच्चे भी हैं। कृष्ण कुमार मजदूरी के सिलसिले में राजस्थान में रहते हैं। इसी दौरान कृति की पहचान अपनी बड़ी बहन की नाबालिग ननद से हुई। पिछले दो वर्षों से दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई और यह रिश्ता धीरे-धीरे समलैंगिक प्रेम संबंध में बदल गया।

6 अप्रैल 2025 को नाबालिग के पिता ने बहेड़ी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में 11 अप्रैल को अपहरण का मामला भी जोड़ा गया। जांच में खुलासा हुआ कि कृति देवी ही नाबालिग को भगाकर ले गई थी और गुपचुप शादी कर ली थी।

कृति के पति कृष्ण कुमार ने जब इस अवैध संबंध की भनक पाई, तो उन्होंने पत्नी को समझाने और उसे इस रिश्ते से अलग करने की भरपूर कोशिश की। यहां तक कि उन्होंने कृति से मारपीट भी की, लेकिन कृति अपनी “प्रेमिका” का साथ छोड़ने को तैयार नहीं हुई।

अंततः पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को राजस्थान से दरभंगा लाकर कानून के हवाले किया। इस मामले ने समाज में रिश्तों और मर्यादाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

( NGV PRAKASH NEWS )


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *